देहरादून से बड़ी खबर: उपनल कर्मचारियों को हड़ताल पर मिली राहत, मानदेय नहीं कटेगा – शासन ने जारी किया आदेश
देहरादून। लंबे समय से राहत का इंतजार कर रहे उत्तराखंड के उपनल कर्मचारियों को आखिरकार बड़ी सौगात मिल गई है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के हस्तक्षेप के बाद शासन ने स्पष्ट आदेश जारी कर दिया है कि हड़ताल अवधि के दौरान किसी भी कर्मचारी का मानदेय नहीं काटा जाएगा। साथ ही, हड़ताल के दिनों को अर्जित अवकाश (EL) में समायोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (UPNL) के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारी 10 से 25 नवंबर 2025 तक नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे थे। इस दौरान शासन ने उनकी गैरहाजिरी दर्ज करते हुए नो वर्क–नो पे के तहत मानदेय रोकने का आदेश जारी किया था, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया था।
हड़ताल समाप्त होने के समय कर्मचारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच यह सहमति बनी थी कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों पर न कोई दंडात्मक कार्रवाई होगी और न ही उनकी तनख्वाह काटी जाएगी। लेकिन शासनादेश जारी न होने के कारण उपनल कर्मियों में असंतोष बढ़ रहा था।
अब शासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों ने इसे अपनी बड़ी जीत माना है। यह निर्णय राज्य के हजारों उपनल कर्मचारियों को राहत देने वाला साबित होगा।




