गणतंत्र दिवस पर उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक
देहरादून।
गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के तहत एक वरिष्ठ अधिकारी को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक जबकि पुलिस एवं फायर सर्विस के कुल सात अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक (PSM) से श्री योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक/मुख्यालय उत्तराखण्ड को सम्मानित किया गया है।
वहीं सराहनीय सेवा पदक (MSM) के लिए पुलिस सेवा से श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल (उपाधीक्षक, रुद्रप्रयाग), श्री शिवराज सिंह (उपाधीक्षक, चम्पावत), श्रीमती ज्योति चौहान (निरीक्षक नागरिक पुलिस, सतर्कता अधिष्ठान, देहरादून), श्री सुभाष चन्द्र (निरीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय) तथा श्री साजिद अली (अपर उप निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय) का चयन किया गया है।
फायर सर्विस श्रेणी में श्री गिरीश चन्द्र लोहनी एवं श्री मुकेश कुमार पोखरियाल, दोनों लीडिंग फायरमैन, जनपद देहरादून को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।




