विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने का
दौर शुरू, हो गया है कई बड़े नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की खबर से सियासी गलियारे में हलचल बढ़ गई है ।।
देहरादून। चुनावी माहौल के बीच दल-बदल और सियासी समीकरणों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में कई बड़े नेताओं के इंडियन नेशनल कांग्रेस में शामिल होने की खबर सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल और भीमलाल आर्य समेत कुल छह नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि 2022 में रुद्रपुर सीट से टिकट न मिलने के कारण नाराज होकर राजकुमार ठुकराल ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल पहले बहुजन समाज पार्टी में सक्रिय रहे, बाद में कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन 2022 में टिकट न मिलने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।
इसी क्रम में टिहरी जिले के घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य भी एक बार फिर कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं। इनके साथ 2019 में रुड़की नगर निगम से निर्दलीय मेयर चुने गए गौरव गोयल भी कांग्रेस में शामिल होंगे। मेयर बनने के बाद वे भाजपा में चले गए थे, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
इसके अलावा भीमताल से लाखन नेगी और मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, ये सभी नेता नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं।




