तराई पश्चिमी वन प्रभाग में अवैध खनन पर सख्ती, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व दो टेंपो पकड़े
रामनगर।
विभाग द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वन सुरक्षा बल टीम ने नदी क्षेत्र, खनन गेटों एवं समस्त घाटों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान देवघाट एवं सत्ता घाट से बिना रॉयल्टी व बिना वैध प्रपत्रों के खनन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। पकड़े गए वाहनों को ज्वालावन वन बीट अधिकारी के सुपुर्द करते हुए ज्वालावन चौकी परिसर तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को गुलजारपुर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
इसी क्रम में गुच्ची एवं त्रिलोक घाट क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक फील्डर की बाइक पकड़ी गई, जो राजकीय वाहनों की रेकी करती पाई गई। इसके अतिरिक्त दो थ्री-व्हीलर टेंपो भी अवैध खनन में संलिप्त पाए गए, जिनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पकड़ी गई बाइक को रामनगर स्थित कार्यशाला (वर्कशॉप) में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
वन विभाग की टीम ने नदी क्षेत्र में घूम रहे निजी वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में निजी वाहनों को नदी क्षेत्र में न लाया जाए, अन्यथा पुनरावृत्ति होने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




