देहरादून। राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के बीच एक बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग को 30 नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं प्राप्त हुई हैं। ये सभी डॉक्टर अपनी पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की पढ़ाई पूरी करने के बाद विभाग में वापस लौटे हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री Dhan Singh Rawat ने इन डॉक्टरों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती विभिन्न जिलों में एक यूनिट के रूप में की है, जिससे उनकी सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बागेश्वर जिले में एक ईएनटी सर्जन, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ और एक एनेस्थेटिस्ट की नियुक्ति की गई है। वहीं पौड़ी जिले में एक जनरल सर्जन, एक श्वसन रोग विशेषज्ञ, एक एनेस्थेटिस्ट और एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के साथ दो फिजीशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ भी तैनात किए गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले में स्त्री रोग, पैथोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी के एक-एक विशेषज्ञ भेजे गए हैं। इसी प्रकार रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून जिलों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।




