ऋषिकेश में युवती की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
ऋषिकेश।
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के शिवाजी नगर, गली नंबर-11 में शुक्रवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और शिवाजी नगर में अकेले किराये पर रह रही थी। मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की तहरीर पर पुलिस ने सुरेश गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद बना कारण
प्रारंभिक विवेचना और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतका का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह ऋषिकेश में सुरेश गुप्ता के ससुराल की दुकान में कार्य करने आई थी, जहां दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए।
इस प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर सुरेश गुप्ता और उसकी पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया, जिसके चलते करीब चार माह पूर्व आपसी सहमति से तलाक हो गया। इसके बाद सुरेश गुप्ता ने प्रीति से विवाह करने के उद्देश्य से लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति लगभग 35 लाख रुपये में बेच दी, लेकिन ऋषिकेश में मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया।
पुलिस का प्रथमदृष्टया मानना है कि प्रेम संबंध, संपत्ति विवाद और मानसिक अवसाद के चलते अभियुक्त ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की गहन विवेचना की जा रही है।




