लालकुआं में धर्म और संस्कृति का महोत्सव: प्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. पंकज मिश्रा ‘मयंक’ का राधे-राधे सेवा समिति ने किया भव्य स्वागत, 18 दिसंबर से श्रीराम कथा का होगा शुभारंभ
लालकुआं, 30 अक्टूबर।
धर्मनगरी लालकुआं आज आध्यात्मिक रंग में रंग उठी जब प्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. पंकज मिश्रा ‘मयंक’ का नगर आगमन हुआ। उनके स्वागत में राधे-राधे सेवा समिति ने नगर के प्रमुख उद्योगपति एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा के आवास पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया, ।

समारोह के दौरान समिति के संरक्षक रामबाबू मिश्रा ने डॉ. मिश्रा का पारंपरिक रीति से माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर पूरा वातावरण “जय श्रीराम” और “राधे-राधे” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
राधे-राधे सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि डॉ. मिश्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रखर प्रवक्ता हैं, जिनकी कथा वाणी लाखों श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श करती है। उन्होंने कहा कि—

“हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समिति द्वारा 18 दिसंबर से श्रीराम कथा संगीत मय आयोजन का शुभारंभ 25 एकड़ रोड, जाल स्थित विशाल पंडाल में किया जाएगा। कथा का वाचन स्वयं डॉ. पंकज मिश्रा ‘मयंक’ करेंगे। यह आयोजन 9 दिनों तक चलेगा जबकि दसवें दिन विशाल भंडारा के साथ इस कथा को विराम मिलेगा इसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं भक्त शामिल होंगे।”
डॉ. मिश्रा ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि—
“रामकथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह जीवन के सत्य, मर्यादा और आदर्शों का संगम है। आज के समय में हमें श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में प्रेम, करुणा और एकता का संदेश फैलाना चाहिए।”
उनके विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान राधे-राधे सेवा समिति के सदस्यों ने भजन, आरती और पुष्प अर्पण के माध्यम से अपने आराध्य भगवान श्रीराम के प्रति भक्ति भाव व्यक्त किया। पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।
इस भव्य समारोह में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—
संरक्षक रामबाबू मिश्रा, अध्यक्ष संजीव शर्मा, उमेश तिवारी, जीवन कबडवाल, शैलेंद्र राठौर, राजेन्द्र अग्निहोत्री, कुलदीप मिश्रा, भोलाराम, पंचम लाल, महेश कश्यप, बी.एन. शर्मा, हरीश नैनवाल, सहित अनेक श्रद्धालु एवं नगरवासी।
समिति के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि आने वाली श्रीराम कथा को लेकर नगरवासियों में उत्साह का वातावरण है, और इस वर्ष का आयोजन “भक्ति, संस्कृति और संगीत” का अद्वितीय संगम बनने जा रहा है।




