रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात की तैयारी
बेंगलुरु स्पेशल के नियमित होने के संकेत, कामाख्या–अयोध्या एक्सप्रेस और वंदे भारत पर भी काम तेज
लालकुआँ।
लालकुआँ को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात की तैयारी
बेंगलुरु स्पेशल के नियमित होने के संकेत, कामाख्या–अयोध्या एक्सप्रेस और वंदे भारत पर भी काम तेज
लालकुआँ।
उत्तराखंड के तराई-भाबर क्षेत्र के लिए रेल कनेक्टिविटी के मोर्चे पर बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लालकुआँ से बेंगलुरु के लिए संचालित 05074 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किए जाने की दिशा में निर्णायक पहल शुरू हो गई है। शनिवार सायं लालकुआँ स्टेशन पर पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट तथा स्थानीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि यह ट्रेन जल्द ही नियमित एक्सप्रेस का रूप ले सकती है।
रेल मंत्री से हो चुकी है बात, जल्द मिल सकता है नियमित दर्जा
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने बताया कि 05074 लालकुआँ–बेंगलुरु साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किए जाने को लेकर रेल मंत्री से सीधी बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है और ट्रेन का वाणिज्यिक रिकॉर्ड भी बेहतर रहा है, जिससे इसके नियमित संचालन की पूरी संभावनाएं हैं।
ऑफ-सीजन में बंद रहने से यात्रियों को होती है भारी परेशानी
गौरतलब है कि यह ट्रेन फिलहाल केवल सीजन विशेष में ही चलाई जाती है, जबकि ऑफ-सीजन में इसका संचालन बंद कर दिया जाता है। इससे लालकुआँ, काठगोदाम, हल्द्वानी और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर दक्षिण भारत, विशेषकर बेंगलुरु में काम करने वाले उत्तराखंड के लोगों के लिए यह ट्रेन जीवनरेखा साबित होती है।
पर्यटन और रोजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा
रेल सूत्रों के अनुसार, इस रूट पर यात्रियों की स्थायी और पर्याप्त संख्या है। यदि ट्रेन को नियमित किया जाता है तो इससे न सिर्फ स्थानीय यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। साथ ही दक्षिण भारत में कार्यरत हजारों उत्तराखंडवासियों को अपने घर तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
कामाख्या और अयोध्या एक्सप्रेस की भी तैयारी
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने एक और बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि लालकुआँ से कामाख्या और लालकुआँ से अयोध्या के लिए भी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही काठगोदाम से नई दिल्ली तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री तथा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के हित में वंदे भारत ट्रेन शुरू करने पर चर्चा हुई है उन्होंने इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया ।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सिंह सहित रेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सभासद सुरेश शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, संजीव शर्मा, लक्ष्मण सिंह खाती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों को बड़ी उम्मीद
लालकुआँ क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि बेंगलुरु ट्रेन नियमित होती है और साथ में कामाख्या, अयोध्या तथा वंदे भारत जैसी सेवाएं शुरू होती हैं, तो यह क्षेत्र के विकास, पर्यटन और रोजगार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अब सभी की निगाहें रेल मंत्रालय के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।




