उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(हल्द्वानी)लाइफ लाइन गौला को लेकर संसद गभीर, अधिकारियों को अहम निर्देश।।

हल्द्वानी। क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाले गौला पुल की सुरक्षा को लेकर सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और विद्युत विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के दौरान गौला पुल को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे, इसके लिए सभी एहतियाती कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने गोला नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए तत्काल डीपीआर शासन को भेजने तथा उसकी प्रति उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही 15 मार्च तक पनचक्की-कटघरिया नहर कवरिंग कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। बच्चीनगर नहर कवरिंग का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने और एस्टिमेट की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
विद्युत विभाग (यूपीसीएल) की समीक्षा में सांसद ने नाराज़गी जताते हुए अभियंताओं को अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यशैली पर पैनी नजर रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिक विद्युत बिल की शिकायतों पर सब-मीटर लगाकर जांच करने और क्षतिग्रस्त पोल व झूलते तारों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता, तहसीलदार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद ने स्पष्ट कहा कि बरसात से पूर्व सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूर्ण हों, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।

Ad
To Top