उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(पंतनगर) राज्य अंतर विश्वविद्यालय खेल महोत्सव,राज्यपाल ने किया शुभारंभ।।

विश्वविद्यालय में उत्तराखंड राज्य अंतर-विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव 2025-26 का शुभारंभ
पंतनगर,
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के स्टीवेंसन स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य अंतर-विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह द्वारा किया गया। महोत्सव में प्रदेश के 10 विश्वविद्यालयों से लगभग 722 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि द्वारा उद्घाटन की घोषणा करते ही स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिलाड़ियों का मशाल के साथ प्रवेश समारोह का विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर चांसलर ट्रॉफी का अनावरण एवं स्मारिका का विमोचन भी राज्यपाल द्वारा किया गया। ध्वजारोहण के साथ खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और एकरूपता का परिचय दिया। इसके उपरांत खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और ईमानदारी की शपथ ली।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि खेल चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन और जोश से परिपूर्ण युवा वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने 800 मीटर दौड़ में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों, विशेषकर महिला प्रतिभागियों, को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. ए.एस. जीना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खेलों को व्यक्तित्व विकास का आधार बताया।
800 मीटर दौड़ के परिणाम
पुरुष वर्ग में अंकित नांग (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा) प्रथम, आसिफ (श्री देव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी गढ़वाल) द्वितीय तथा ललित सिंह (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा) तृतीय रहे।
महिला वर्ग में नीतू (कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल) प्रथम, चांदनी (उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार) द्वितीय तथा शीतल भट्ट (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा) तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को राज्यपाल ने सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त कृषि महाविद्यालय के छात्र ऋषि राज को खेल महोत्सव का ‘लोगो’ तैयार करने, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की शिवांगी भट्ट को ‘शुभंकर’ निर्माण तथा पिंकी को अल्पना डिज़ाइन के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, प्रशासनिक अधिकारी, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ

Ad
To Top