एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष बने पद्मश्री डॉ. भूपेन्द्र कुमार सिंह संजय
देहरादून। भारत सरकार ने देश के विख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. भूपेन्द्र कुमार सिंह संजय को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गुवाहाटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान में देशभर में 19 एम्स संचालित हैं, जिनमें गुवाहाटी स्थित एम्स की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2017 को रखी थी।

केंद्रीय सरकार के अनुसार, डॉ. संजय की नियुक्ति से पूर्वोत्तर भारत में रोगी देखभाल, चिकित्सा शिक्षा और शोध को नई दिशा मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन, शोधकर्ता, लेखक, वक्ता, कवि और समाजसेवी डॉ. संजय का नाम भारत, अंतरराष्ट्रीय, लिम्का और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है। उनके शोध प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं।
कानपुर, पीजीआई चंडीगढ़ और सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ ऑर्थोपेडिक्स, नई दिल्ली से उन्होंने चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की तथा स्वीडन, स्विट्ज़रलैंड, जापान, अमेरिका और रूस से उन्नत प्रशिक्षण हासिल किया। 45 वर्ष के लंबे करियर में उन्होंने देश-विदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वर्ष 2021 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।

