नैनीताल जनपद में वर्षा से मार्ग अवरुद्ध, प्रशासन सक्रिय
नैनीताल, 09 सितम्बर।
जनपद नैनीताल में मंगलवार को हुई वर्षा के चलते कई स्थानों पर मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी-चोरगलिया राज्य मार्ग 41 बीते दिनों से प्रभावित है, जिसे छोटे वाहनों के लिए खोला गया है। इसके अतिरिक्त भौर्सा-पिनरो, चमोली-इलाइजर, काण्डा डौन परेवा तथा आईटीआई कमोली सहित कुल पाँच ग्रामीण मार्ग भी मंगलवार को विभिन्न समयों पर बाधित हुए, जिनमें से अधिकांश मार्ग जेसीबी मशीनों की मदद से खोल दिए गए।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार –
- चमोली-इलाइजर मार्ग सुबह 8:17 बजे बाधित हुआ, जिसे अपराह्न 4:16 बजे तक खोल दिया गया।
- काण्डा डौन परेवा मार्ग सुबह 7:31 बजे बंद हुआ और 10:37 बजे यातायात हेतु सुचारू कर दिया गया।
- आईटीआई कमोली मार्ग सुबह 8:08 बजे बंद हुआ और दोपहर 1:42 बजे तक खोल दिया गया।
- भौर्सा-पिनरो मार्ग शाम 4:03 बजे बंद हुआ, जिस पर राहत कार्य जारी है।
वहीं, चोरगलिया क्षेत्र में शेर नाला में पानी बढ़ने से एहतियातन वाहनों का आवागमन रोका गया। हालांकि बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है।
मौसम की स्थिति के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी में पिछले 24 घंटे में 56 मिमी और चोरगलिया क्षेत्र में 29 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। अन्य तहसीलों में मौसम सामान्य है।




