युवा क्रिकेटर मयंक रावत को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के लिए चुना
देहरादून।
टिहरी गढ़वाल जनपद के गडोलिया टोक (रंगली) गांव से ताल्लुक रखने वाले युवा क्रिकेटर मयंक रावत को आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने अपनी टीम में शामिल किया है। 16 दिसंबर 2025 को आयोजित आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने इस अनकैप्ड ऑलराउंडर को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा।
यह मयंक रावत का पहला आईपीएल अनुबंध है। चयन के बाद उन्हें मुंबई इंडियंस की 25 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इस खबर के सामने आते ही मयंक के पिता राम सिंह रावत, परिवारजनों, मित्रों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई संदेशों का तांता लग गया।
मयंक रावत दिल्ली में रहकर क्रिकेट प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और वह दिल्ली रणजी टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 2024–25 सत्र में रणजी ट्रॉफी में एक मुकाबला खेला था। उनका वास्तविक ब्रेकथ्रू दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2024 में देखने को मिला, जहां उन्होंने ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया।
डीपीएल 2024 में मयंक ने सात पारियों में 289 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 72.25 और स्ट्राइक रेट 90 रहा। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी जमाए। गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाते हुए 11 विकेट हासिल किए।
टूर्नामेंट के एक अहम मुकाबले में मयंक ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ 39 गेंदों में नाबाद 78 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें सात चौके और छह छक्के शामिल थे। इस मैच में उन्होंने अंतिम ओवर में आयुष बदोनी पर लगातार पांच छक्के जड़ते हुए अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। इसी प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और मुंबई इंडियंस ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए टीम में शामिल कर लिया।
मयंक रावत की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा टिहरी गढ़वाल क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।




