उत्तरकाशी के मोरी में भीषण अग्निकांड, कई मकान राख; प्रशासन राहत कार्य में जुटा
उत्तरकाशी, 24 मार्च। जनपद के मोरी विकास खंड के ग्राम फिताड़ी में सोमवार देर रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें कई आवासीय भवन जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के कैबिनेट मंत्री Madan Kaushik ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन सचिव से वार्ता कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी घटना की सूचना मिलते ही मौके के लिए रवाना हो गए। वहीं एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर भेज दी गईं। सभी टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और आवश्यक सामग्री भी भेजी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे ग्राम प्रधान द्वारा आग लगने की सूचना दी गई थी। फायर सर्विस मोरी और पुरोला समेत विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों को तत्काल रवाना किया गया। गांव मोरी बाजार से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। इस अग्निकांड में चार आवासीय भवन, जिनमें आठ परिवार निवास करते थे, पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा चार अन्य भवन और छह अन्न भंडार (कोठार) भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना में तीन गायों की जलकर मृत्यु हो गई।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी पुरोला और अन्य अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।




