लालकुआं
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल द्वारा Century Pulp & Paper में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित
लालकुआं स्थित सेंचुरी पल्प एंड पेपर में 24–25 फरवरी को दो दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जिला प्रशासन के निर्देश पर गदरपुर से आई एनडीआरएफ टीम द्वारा संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में कंपनी के लगभग 100 कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान भूकंप, बाढ़ और अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। प्रतिभागियों को मॉक ड्रिल, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
कंपनी के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में उद्योगों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा, “सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय पर प्रशिक्षण और बेहतर टीमवर्क से आपदा के दौरान होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।”
इस अवसर पर वाइस-प्रेसिडेंट नरेश चंद्र, एनडीआरएफ कमांडेंट कनिष्क पांगती, जिला उद्योग केंद्र की सहायक प्रबंधक सीमा बिष्ट, जनरल मैनेजर संजय बाजपेयी, सुधीर कौल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी पंकज धूलिया, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन दत्ता तथा इंद्रदेव झा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भविष्य में नियमित रूप से सुरक्षा अभ्यास आयोजित करने और कार्यस्थल सुरक्षा व सामुदायिक जिम्मेदारी को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया।




