हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर पांच वाहनों को कब्जे में लेकर उनके चालान किए।
प्रभारी निरीक्षक तरुण वर्मा ने बताया कि पीआरएस/टिकट काउंटर के समीप अधिकृत टैक्सियों के अतिरिक्त अन्य वाहनों के खड़े होने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया गया।
बुधवार को निरीक्षक तरुण वर्मा हेड कांस्टेबल दीवान चंद, कांस्टेबल गोविंद गिरी एवं कांस्टेबल ओपी मीणा के साथ टिकट काउंटर के सामने पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान पांच वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए। टीम ने वाहनों को कब्जे में लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया और रेलवे अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर संतोष निवासी मल्ला रामगढ़, गणेशचंद निवासी भुजियाघाट, संजय कुमार निवासी मंजुली, राशिद खान निवासी न्यू बस्ती तथा संतोष टम्टा निवासी हरिपुर शिवदत्त के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसर में अनधिकृत पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।




