टनकपुर-नांदेड़ रेल सेवा शुरू होने पर सिख समाज ने जताया आभार, तख्त श्री हजूर साहिब की यात्रा होगी आसान
नानकमत्ता। तराई क्षेत्र के सिख समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री नानकमत्ता साहिब ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। कमेटी ने कहा कि टनकपुर, उत्तराखंड से नांदेड़ साहिब, महाराष्ट्र तक रेल सेवा शुरू होने से अब तख्त श्री हजूर साहिब—जहां दसवें सिख गुरु स्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए—की यात्रा आसान और सुगम हो जाएगी।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जनरल सेक्रेट्री अमरजीत सिंह द्वारा भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि यह रेल सेवा सिख संगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे श्रद्धालुओं को पवित्र तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी, जहां गुरु गोबिंद सिंह जी के साक्षात ऐतिहासिक चिन्ह और पवित्र स्मृतियां मौजूद हैं।
कमेटी ने कामना की कि श्री गुरु नानक देव जी की कृपा मुख्यमंत्री पर बनी रहे और वे भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ प्रदेश की जनता की सेवा करते रहें।




