लालकुआं: ‘उमंग’ वार्षिकोत्सव में झलकी प्रतिभा और शिक्षा के प्रति जागरूकता
हल्द्वानी विकासखंड के दीना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र का संयुक्त वार्षिकोत्सव ‘उमंग 2026’ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों की भागीदारी का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट, पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष पूरन चंद्र जोशी, डॉ. बंशीधर पांडे, भैरव दत्त भट्ट, प्रधानाध्यापक भुवन गुणवंत एवं प्रधानाध्यापिका भावना भंडारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी, प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम में विकासखंड के वरिष्ठ शिक्षक डिकर सिंह पडियार सहित हेमवती नंदन दुर्गापाल, ललित बिष्ट, रविंद्र अधिकारी, मदन बर्थवाल, सुमन बिष्ट, अमित जोशी, विजय कपिल, देवेंद्र बिष्ट, कृष्ण नैनवाल, कमला पाठक, ज्योति जोशी, रेखा बिष्ट, नीम जनोटी, कविता दुर्गापाल और दीपा बिष्ट समेत अनेक शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य व अभिभावक मौजूद रहे।
प्रधानाध्यापक भुवन गुणवंत ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं की जानकारी दी और अभिभावकों से विद्यालय के साथ जुड़ने का आह्वान किया। वहीं प्रधानाध्यापिका भावना भंडारी ने नए शैक्षिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।
पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष पूरन चंद्र जोशी ने विद्यालय की प्रगति और शिक्षकों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय लगातार उन्नति की ओर अग्रसर है और यहां शिक्षा का स्तर संतोषजनक है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक डिकर सिंह पडियार ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्र, विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं—जैसे नि:शुल्क शिक्षा, ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें, मध्याह्न भोजन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं—का लाभ उठाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया।




