काठगोदाम में उत्पात मचाने वाले तीन युवक गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर मारपीट और हंगामा करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को पुरानी चुंगी मल्ला काठगोदाम क्षेत्र में सौरभ राणा व सोनू राणा तथा गोपाल आर्या पक्ष के बीच मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।
अगले दिन 27 मार्च को जब प्रथम पक्ष के लोग पुलिस चौकी मल्ला काठगोदाम में मौजूद थे, तभी द्वितीय पक्ष के आरोपी अपने साथियों के साथ चौकी पहुंच गए और वहां भी विवाद करने लगे। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद वे नहीं माने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उपनिरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल आर्या (31), सितेश आर्या (24) और अमन कुमार (19) शामिल हैं, जो दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




