हल्द्वानी-: दीपावली के दिन हल्द्वानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 194 अंक रहा। हल्द्वानी स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष हल्द्वानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले वर्ष की तुलना में कुछ अधिक रहा। वहीं इस वर्ष नैनीताल नगर में यह सूचकांक गत वर्ष के 119 की तुलना में 111 दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के आसपास का आंकड़ा नियंत्रित माना जाता है।
वहीं नैनीताल और हल्द्वानी के विभिन्न इलाकों में दर्ज ध्वनि प्रदूषण पिछले साल के मुकाबले ज्यादा स्तर पर रहा। हल्द्वानी में यह अधिकतम 92 दशमलव 10 डेसिबल रहा जबकि नैनीताल में अधिकतम 82 दशमलव 40 डेसिबल दर्ज किया गया।
उधर रुद्रपुर में दीपावली पर वायु गुणवत्ता “खराब” श्रेणी में पहुँची दीपावली के अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा की गई वायु गुणवत्ता मॉनिटरिंग में शहर की हवा “खराब श्रेणी (Poor Category)” में दर्ज की गई है। यह जानकारी प्रदूषण नियंत्रण विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सोमपाल ने दी।
उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पताल, रुद्रपुर में स्थापित मॉनिटरिंग स्टेशन पर 20 अक्तूबर को लिए गए नमूनों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का स्तर 243 पाया गया, जो “Poor” (खराब) श्रेणी में आता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक सोमपाल ने बताया कि AQI का स्तर 243 होने का अर्थ है कि हवा लंबे समय तक संपर्क में रहने वाले लोगों के लिए हानिकारक हो सकती है। इससे फेफड़ों व हृदय से संबंधित बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।




