उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(हल्द्वानी) दिल्ली बम ब्लास्ट,हल्द्वानी पहुंची आंच, यह हुई बड़ी कार्रवाई ।।

हल्द्वानी। देश की राजधानी दिल्ली में विगत 10 नवम्बर को हुए बम ब्लास्ट की आंच उत्तराखण्ड होते हुए आखिरकार हल्द्वानी महानगर के संवेदनशील बनभूलपुरा तक पहुंचती दिख रही है। यहां आज़ाद नगर लाइन नम्बर 8 स्थित बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम कासमी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम तथा एलआईयू ने शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे दबिश देकर हिरासत में लिया है। इसी दौरान राजपुरा क्षेत्र से भी टीम ने एक इलेक्ट्रीशियन नज़र कमाल को उसके घर से उठाया। पुलिस इमाम और नज़र कमाल को अपने साथ दिल्ली ले गयी है। शनिवार सुबह जैसे ही यह खबर लोगों को लगी तो बनभूलपुरा ही नहीं बल्कि पूरे शहर में हलचल मच गयी। सूत्रों से ऐसा पता चला है कि दिल्ली बम ब्लास्ट को अंजाम देने वाले आतंकवादी उमर से जुड़े मोबाइल के कॉल डिटेल को खंगालने में दिल्ली पुलिस को कामयाबी मिली है। इधर, दबिश के बाद मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुबह ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के साथ ही सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के अलावा, लालकुलां, कालाढूंगी, हल्द्वानी, मुखानी, काठगोदाम थाना की पुलिस बनभूलपुरा पहुंच गई। अचानक से पफोर्स देखकर स्थानीय लोग भी सहम गए। पुलिस ने बिलाली मस्जिद तथा इसके बगल में स्थित इमाम के आवास पर कड़ी सुरक्षा रखी। मौलाना मोहम्मद आसिम कासमी मूल रूप से रामपुर के दढ़ियाल के रहने वाले हैं और विगत चार वर्षों से बिलाली मस्जिद में इमामत कर रहे हैं। एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। सुरक्षा एंजेसियों के साथ रात एसटीएफ और लोकल पुलिस ने कार्रवाई की। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Ad Ad
To Top