हल्द्वानी। शहर के मंगल पड़ाव क्षेत्र में एक युवक ने अपने छोटे भाई के सिर पर लोटा व उसका सर जमीन में बुरी तरह पटक कर हत्या कर दी, सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हत्याकांड की जांच शुरू कर दी।
घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है, मृतक के भतीजे ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी हैं,
सूत्रों से पता चला हैं कि हत्यारोपी पूर्व में भी हत्या के आरोप में जेल जा चुका है, तथा मां के हाथ तोड़ने व सर फोड़ने के आरोप में भी जेल जा चुका है।
गत रात्रि उसने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी की रात करीब 12 बजे संदीप जायसवाल का घर में ही किसी बात को लेकर अचानक अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से विवाद हुवा और उसने भाई पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक आरोपी गुस्से में लगातार चिल्ला रहा था कि “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया” और इस दौरान उसने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर उससे सोनू के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर भी पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।




