हल्द्वानी सुप्रीम कोर्ट फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में 24 फरवरी 2026 को प्रस्तावित सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है और इलाके में फ्लैग मार्च निकालकर शांति एवं सुरक्षा का संदेश दिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि न्यायालय के निर्णय के बाद किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो। इसी क्रम में क्षेत्र में भारी पुलिस बल, पीएसी, फायर यूनिट, टियर गैस दस्ते, ड्रोन यूनिट और आधुनिक हथियारों से लैस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई भी लगातार जारी है।
सुरक्षा के प्रमुख कदम
संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान
संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई
कोर क्षेत्र में स्थानीय पहचान पत्र के बिना प्रवेश प्रतिबंधित
सोशल मीडिया गतिविधियों की विशेष निगरानी
इन क्षेत्रों में निकाला गया फ्लैग मार्च
रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस ने मार्च कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने किया, जिसमें बनभूलपुरा थाना प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल सहित पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे।
एसएसपी की जनता से अपील
एसएसपी ने क्षेत्रवासियों से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग करने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




