रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले के फैसले से पहले पुलिस अलर्ट, 121 पर कार्रवाई – 21 गिरफ्तार
हल्द्वानी-: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 02 दिसंबर 2025 को आने वाले फैसले से पहले नैनीताल पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। संभावित कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाते हुए 121 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है, जबकि 21 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर सोमवार 01 दिसंबर को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। कार्रवाई 126/135 BNS के तहत की गई, जबकि जिन 21 लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें से अधिकांश बनभूलपुरा हिंसा मामले में थाने में आगजनी और तोड़फोड़ में शामिल रहे थे। इन लोगों द्वारा दंगा भड़काने की आशंका के चलते धारा 170 BNSS के तहत हिरासत की कार्रवाई की गई।
“कानून से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी ढिलाई” – SSP नैनीताल
एसएसपी ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पूर्व में दंगे में शामिल, लोगों को उकसाने वाले तथा आदतन उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फील्ड के साथ-साथ सोशल मीडिया की भी निगरानी कड़ी कर दी गई है। भ्रामक सूचना फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख कार्रवाई एक नज़र में
कार्रवाई संख्या
निरोधात्मक कार्रवाई (126/135 BNS) 121 व्यक्ति
हिरासत (धारा 170 BNSS) 21 उपद्रवी
संभावित खतरा दंगा भड़काने का प्रयास
पुलिस ने जिलेवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है और चेतावनी दी है कि किसी भी कानून विरोधी गतिविधि पर तुरंत कार्यवाही होगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।
पुलिस अधीक्षक 03, पुलिस उपाधीक्षक 04, निरीक्षक 08, उ0नि0 28, हे0का0/ कांस्टेबल 80, पीएसी 02 कंपनी व 01 सेक्शन इसके अतिरिक्त फायर टेंडर, टियर गैस यूनिट, बज्र वाहन आदि सहित अन्य फोर्स तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त पूरा क्षेत्र 7 ड्रोन कैमरे की निगरानी में रहेगा।




