उत्तराखण्ड

बड़ी खबर (हल्द्वानी) वासंतिक नवरात्रि पर अष्टादश भुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा 19 से प्रारंभ ।।

हल्द्वानी। वासंतिक नवरात्रि के शुभ एवं पावन अवसर पर बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर में 19 मार्च (गुरुवार) से 27 मार्च (शुक्रवार) तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति जी ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाली यह कथा संगीत मय शैली में प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के दौरान व्यास कन्याओं द्वारा मधुर भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में पूरी तरह डूब सकेंगे। कथा के उपरांत प्रतिदिन विधिवत आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
कथा वाचन का दायित्व प्रसिद्ध कथावाचक पं. खजान पंत (व्यास जी) द्वारा निभाया जाएगा, जो अपने सरल एवं प्रभावशाली शैली में भागवत कथा का रसपान कराएंगे। इस धार्मिक आयोजन में स्वामी सोमेश्वर यति जी महाराज का सानिध्य भी प्राप्त होगा, जिनके आशीर्वचनों से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
समापन दिवस 27 मार्च (शुक्रवार) को विशेष रूप से पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन दोपहर 12 बजे से किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों द्वारा सभी भक्तों के लिए प्रसाद एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
महालक्ष्मी मंदिर सेवा ट्रस्ट, बेरीपड़ाव (हल्द्वानी) द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करेगा।

Ad
To Top