SSP नैनीताल के निर्देश पर जनपद में तड़के से हाई-अलर्ट, भारी पुलिस फोर्स संग चला सघन चेकिंग अभियान
नैनीताल। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर रविवार सुबह तड़के से ही जिले भर में पुलिस ने हाई-अलर्ट मोड अपनाते हुए सभी बैरियरों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बेलबाबा बॉर्डर, आम्रपाली बैरियर (हल्द्वानी), हल्दूचौड़, रामनगर रूट, गडप्पू बैरियर (कालाढूंगी), बारापत्थर, भीमताल, खैरना एवं सुभाष नगर बैरियर सहित अन्य लोकेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अभियान जारी
राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में चेकिंग अभियान जारी है, जबकि दरोगा स्तर के अधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ मैदान में सक्रिय हैं। पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर और आधुनिक ऑटोमेटिक असलाहों से लैस होकर संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों एवं सामान की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
अवैध गतिविधियों व सत्यापन पर विशेष फोकस
पुलिस ने बताया कि जिले के सभी एंट्री–एग्जिट पॉइंट्स पर सघन जांच की जा रही है। शहर के भीतरी हिस्सों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है, जबकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और चौराहों पर पुलिस की तैनाती मजबूत की गई है। अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी तेज
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
🔸 नैनीताल पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने जनता से शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेज साथ रखने एवं चेकिंग के दौरान सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।




