uttarakhand city news
बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: टनकपुर में 21 फरवरी को लगेगा विशाल ‘रोजगार मेला’, 4000 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
युवाओं के लिए खुशखबरी: टनकपुर में 21 फरवरी को विशाल रोजगार मेला
champawat
जनपद के युवाओं को स्वरोजगार एवं निजी क्षेत्र में करियर बनाने का बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार आगामी 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय विशाल ‘रोजगार मेले’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव-2026’ के गौरवशाली आयोजन के अंतर्गत यह मेला टनकपुर स्थित सैनिक कल्याण विश्राम गृह के निकट महोत्सव स्थल पर आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, क्वैस कॉर्प, पुखराज हेल्थकेयर और सार्थ एडेक स्किल एकेडमी जैसी 15 से अधिक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कंपनियां शिरकत कर रही हैं। इन कंपनियों के एच.आर. प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध 4000 से अधिक रिक्तियों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
शैक्षिक योग्यता एवं पात्रता:
इस मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई (ITI), डिप्लोमा, स्नातक (Graduate), स्नातकोत्तर (Post Graduate) और बी.टेक (B.Tech) उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। आवेदकों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार 12,000 रुपये से 22,000 रुपये तक का मासिक वेतनमान प्रदान किया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज:
मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 21 फरवरी को सुबह 9:00 बजे मेला स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें। अभ्यर्थियों के लिए National Career Service Portal (www.ncs.gov.in) पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। इसके अलावा QR कोड के माध्यम से भी पंजीकरण किया जा सकता है।
जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। किसी भी अन्य जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 05965-297303 अथवा मोबाइल नंबर 8218715939, 7830860575, 8445855555 पर संपर्क कर सकते हैं।




