उत्तराखण्ड

(बड़ी खबर)लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूरन सिंह रजवार का निधन ।।

लालकुआँ।
लालकुआँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर पंचायत लालकुआँ के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष एवं माँ अवंतिका कुंज देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष . पूरन सिंह रजवार का हृदय गति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने आज शाम लगभग 5 बजे हल्द्वानी स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उनके पुत्र रघुवीर सिंह रजवार एवं विनय रजवार अन्य परिजनों के साथ उन्हें तत्काल हल्द्वानी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
स्वर्गीय पूरन सिंह रजवार नगर पंचायत लालकुआँ की पहली निर्वाचित बोर्ड में निर्विरोध सभासद चुने गए थे। इसके बाद अगले कार्यकाल में भी वे सभासद पद के प्रत्याशी घोषित किए गए थे। उन्होंने सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में लंबे समय तक सेवाएं दीं और लगभग दो वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहे और माँ अवंतिका कुंज देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष के रूप में सेवा देते रहे।
वे क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी, कुशल वक्ता एवं ख्यातिप्राप्त मंच संचालक थे। उनकी बुलंद आवाज और प्रभावशाली मंच संचालन शैली की गूंज बड़े कार्यक्रमों की पहचान रही। स्वभाव से वे अत्यंत मिलनसार, सरल एवं व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के धनी थे, जिस कारण समाज के हर वर्ग में उनकी विशेष पहचान थी।
उनके निधन की दुखद घड़ी में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सांसद अजय भट्ट,सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के सीईओ श्री अजय गुप्ता, महाप्रबंधक श्री नरेश चंद्र, पूर्व मंत्री श्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह लोटनी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री पवन सिंह चौहान, सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। सभी ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
निधन का समाचार मिलते ही वार्ड नंबर दो स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। स्व. पूरन सिंह रजवार का जाना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे लालकुआँ क्षेत्र के लिए एक ऐसा शून्य छोड़ गया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं।

Ad Ad
To Top