रामनगर। उत्तराखण्ड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने गुरुवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के धनगढ़ी वन परिसर का दौरा किया। सुबह 10 बजे पहुंचकर उन्होंने वन विभाग के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि वन्य संपदा की रक्षा में बलिदान देने वाले कर्मियों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। इस दौरान उन्होंने हाथी के बच्चे को दूध पिलाकर नए बाडों का किया शुभारंभ।
इसके बाद मंत्री ने फॉरेस्ट फायर टीम का निरीक्षण किया। टीम ने अग्निशमन उपकरणों और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था का प्रदर्शन किया। उन्होंने वनाग्नि रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाने और ग्रामीणों व वन पंचायतों को जोड़ने पर जोर दिया।
मंत्री ने धनगढ़ी स्थित स्मारिका शॉप का अवलोकन कर स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना की। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
दौरे के दौरान ढेला रेस्क्यू सेंटर में 10 नए बाड़ों का उद्घाटन किया गया, जिससे कुल संख्या 30 हो गई है। मंत्री ने चिकित्सीय लैब का भी उद्घाटन किया और कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के लिए वैज्ञानिक प्रबंधन और त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।




