uttarakhand city news
विद्यालय में चल रहे मैजिकल शो पर डीएम सख्त, तत्काल बंद—अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब
पिथौरागढ़ जनपद के एक विद्यालय में मैजिकल शो के आयोजन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत को तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यक्रम बंद कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। साथ ही, संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से इस प्रकरण में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाली गतिविधियां विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक एवं मानसिक विकास के अनुरूप ही होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद के सभी निजी एवं राजकीय विद्यालयों में संचालित गतिविधियों की सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए। यदि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




