उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(लालकुआं) नव स्थापित हो रहे प्लांट का निदेशक डेयरी विकास विभाग ने किया निरीक्षण, जताया संतोष ।।

लालकुआं (नैनीताल), 27 फरवरी 2026।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं में निर्माणाधीन 85 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का निदेशक डेरी विकास विभाग अशोक कुमार जोशी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।


निदेशक ने प्लांट में उपयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की तथा मशीनरी स्थापना और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। प्लांट के शुरू होने से दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुग्ध शाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी एवं अन्य उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का भी अवलोकन किया। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि प्लांट की उपयोगिता और बढ़ती मांग को देखते हुए आधुनिक मशीनरी की स्थापना शीघ्र पूर्ण की जानी चाहिए, जिससे संचालन समय पर प्रारंभ हो सके और दुग्ध उत्पादकों को अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उपनिदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबंधक यूसीडीएफ आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, सामान्य प्रबंधक दुग्ध संघ अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad
To Top