देहरादून/नई दिल्ली, 28 मार्च 2026।
उत्तराखण्ड के खनन विभाग के दो प्रमुख डिजिटल प्रोजेक्ट्स को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विभाग की MDTSS (माइनिंग डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एंड सर्विलांस सिस्टम) और ई-रवन्ना सिक्योरिटी पेपर योजना को प्रतिष्ठित SKOCH Award – India’s Honest Independent Honour (Gold) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित समारोह में SKOCH Group के चेयरमैन Sameer Kochhar द्वारा प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार उत्तराखण्ड के भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून के निदेशक Rajpal Legha ने ग्रहण किया।
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खनिज नीति और नियमावली को सरल बनाया गया है, जिससे अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगी है। साथ ही वैध खनन को बढ़ावा मिलने से राज्य के राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
MDTSS योजना के तहत राज्य के चार मैदानी जिलों में 45 अत्याधुनिक ई-चेक गेट स्थापित किए गए हैं। इनमें ANPR कैमरा, RFID टैग, LED फ्लड लाइट और अन्य डिजिटल निगरानी सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अलावा मिनरल मैनेजमेंट सिस्टम, ई-रवन्ना, मोबाइल एप, डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS), वीटीएस और वेब्रिज इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
वहीं, ई-रवन्ना सिक्योरिटी पेपर व्यवस्था लागू होने के बाद अब खनिज परिवहन के लिए विशेष सुरक्षा फीचर्स वाले कागज का उपयोग किया जा रहा है। इससे ई-रवन्ना प्रपत्रों की नकल या दुरुपयोग की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।
इन दोनों योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से न केवल अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, बल्कि राज्य के राजस्व में भी पिछले वर्षों की तुलना में लगभग चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है।




