ऑपरेशन प्रहार: STF का बड़ा एक्शन, 13 संदिग्ध अपराधी रडार पर
देहरादून। उत्तराखण्ड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के आदेश पर STF टीमों ने मिशन मोड में काम करते हुए 13 ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया है, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है या भविष्य में अपराध करने की आशंका जताई गई है। इन सभी के विस्तृत डोजियर तैयार कर लिए गए हैं और अब इन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
गैंग कनेक्शन और फर्जी लाइसेंस पर भी शिकंजा
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ संदिग्ध अंतरराज्यीय गैंग से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उत्तराखण्ड में पंजीकरण कराने वाले लोगों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विदेशी नागरिक और घुसपैठिए भी निशाने पर
STF को अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। टीमों द्वारा लगातार सत्यापन अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।
जनपद स्तर पर भी बढ़ी सतर्कता
चिन्हित 13 संदिग्धों की सूची सभी जिलों और थाना प्रभारियों के साथ साझा कर दी गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर भी इन पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
STF की इस कार्रवाई को प्रदेश में अपराध पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




