उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(देहरादून)राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग पूरे प्रदेश में चलाएगा यह अभियान ।।

देहरादून में नाबालिग लड़कियों के लापता होने पर जागरूकता अभियान चलाएगा आयोग
देहरादून। हाल ही में पटेल नगर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने की घटना के बाद राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (SCPCR) ने पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह अभियान विभिन्न बस्तियों में स्थानीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से चलाया जाएगा, ताकि अभिभावकों और बच्चों को सतर्क किया जा सके।
आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पटेल नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। लापता दो नाबालिगों में से 16 वर्षीय लड़की को बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया गया है, जबकि 14 वर्षीय दूसरी लड़की अभी भी लापता है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लापता लड़की के बिहार में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि दोनों लड़कियों को बिहार के युवकों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। खन्ना ने कहा कि बाहरी लोगों द्वारा अपराध किए जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे बस्तियों में रहने वाली प्रवासी महिलाएं और बच्चे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में पुलिस वेरिफिकेशन की आवश्यकता भी बढ़ गई है।
उन्होंने प्रदेश में स्कूली छात्राओं के ड्रॉपआउट मामलों में बढ़ोतरी पर भी चिंता जताई। आयोग इस समस्या के कारणों की पहचान कर बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करेगा।
इसके साथ ही उन्होंने रिस्पना ब्रिज पर हाल ही में मिली तीन बहनों के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों में घर छोड़ने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो उन्हें अपराध और तस्करी के खतरे में डाल रही है। इस दिशा में आयोग गंभीरता से काम करेगा और स्कूलों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
खन्ना ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं को समझें और समय पर उनकी समस्याओं का समाधान करें।

To Top