देहरादून,
खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार ने वहां रह रहे, काम कर रहे या फंसे राज्य के नागरिकों की सहायता के लिए अहम कदम उठाया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विशेष सचिव (गृह) श्रीमती निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वह विदेश मंत्रालय, भारत सरकार तथा संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगी।
सरकार ने पुलिस मुख्यालय, देहरादून से एक हेल्पलाइन भी जारी की है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोग सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर 9411112792 और ईमेल dgc-police-ua@nic.in जारी किया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि खाड़ी देशों—जैसे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल और ओमान—में रह रहे उत्तराखण्ड के नागरिक या उनके परिजन किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इन माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क करते समय संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, पासपोर्ट नंबर, मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर, ईमेल आईडी सहित अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा, ताकि त्वरित सहायता और समुचित समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा जारी इस आदेश का उद्देश्य विदेशों में रह रहे राज्य के नागरिकों को संकट की स्थिति में त्वरित राहत और सहायता उपलब्ध कराना है।




