एक्सक्लूसिव न्यूज़ लालकुंआ नगर पंचायत को स्वच्छता में मिला बड़ा सम्मान – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित
देहरादून, 01 अक्टूबर 2025।
लालकुंआ नगर पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए आज देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर पंचायत लालकुंआ के मा० अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी को अटल निर्मल पुरस्कार वर्ष 2024-25 से सम्मानित किया।

इससे पूर्व 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भी लालकुंआ नगर पंचायत को सम्मानित किया था।

नगर पंचायत ने न केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी। इस सफलता को अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने लालकुंआ की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि—
“यह सम्मान हर नागरिक की मेहनत का परिणाम है। लालकुंआ को स्वच्छ बनाने में जनता का योगदान सराहनीय रहा है। हम सबका लक्ष्य है कि आने वाले समय में लालकुंआ न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का सबसे स्वच्छ नगर बने।”
लालकुंआ की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी है और अब यह नगर पूरे देश के लिए स्वच्छता की मिसाल बनता जा रहा है।

