14 साल बाद बड़ी राहत: दुग्ध विकास मंत्री ने नैनीताल आँचल दुग्ध संघ के 43 कर्मचारियों की पदोन्नति को मंजूरी दी
देहरादून। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि., लालकुआँ के कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति की मांग पर बड़ी प्रगति हुई है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 14 वर्ष से अटकी पात्र 43 कर्मचारियों की पदोन्नति पर सहमति प्रदान कर दी है। यह निर्णय संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में मंत्री से हुई मुलाकात के बाद सामने आया।
प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं और जरूरतों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे—
- पर्वतीय क्षेत्रों में महिला डेरी सचिवों का मानदेय 50 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपये करने का प्रस्ताव
- मैदानी क्षेत्रों में भी सचिवों को पर्वतीय क्षेत्र की भांति मानदेय देने की मांग
- महंगाई भत्ते की पुरानी व्यवस्था बहाल करना
- वर्ष 2016–2019 तक के सातवें वेतनमान के एरियर को अनुमन्य करना
- 1 लाख लीटर दुग्ध हैंडलिंग क्षमता के अनुरूप नया स्टाफिंग पैटर्न लागू करना
- आधुनिक एन.डी.डी.बी. प्लांट में विशेषज्ञ मशीनरी स्थापना
मंत्री बहुगुणा ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संकेत दिए कि दुग्ध क्षेत्र में सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय जल्द लिए जाएंगे।
मुकेश बोरा ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों और हजारों दुग्ध उत्पादकों के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष मांगों पर भी जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।
प्रतिनिधिमंडल में वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।




