मीनस मार्ग पर बड़ा हादसा: हिमाचल रोडवेज की बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, चालक समेत 4 की मौत
36 यात्री थे सवार, SDRF–पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
कालसी/चकराता।
उत्तराखंड के जनपद देहरादून अंतर्गत मीनस–कुवाणु मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल रोडवेज की बस (HP66A-2588), जो नेरवा (हिमाचल प्रदेश) से पौंटा साहिब की ओर जा रही थी, कुवाणु के पास अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बस चालक समेत 04 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही SDRF की टीमें पोस्ट चकराता, त्यूणी एवं डाकपत्थर से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। थाना कालसी की पुलिस और राजस्व विभाग के साथ मिलकर संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। खाई में गिरी बस से घायलों को रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से बाहर निकाला गया और सभी घायलों को उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 35–36 यात्री सवार थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट से सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग की गई।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस द्वारा यात्रियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया एक छोटे वाहन द्वारा ओवरटेक किए जाने के दौरान बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों का विवरण
यास्मीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद, उम्र 46 वर्ष, ग्राम क्यारला, नेरवा (हिमाचल प्रदेश)
रिचा पत्नी वीरेंद्र, उम्र 30 वर्ष, ग्राम बिजमल, नेरवा, शिमला (हिमाचल प्रदेश)
धन बहादुर, निवासी ग्राम क्यारला, नेरवा (हिमाचल प्रदेश)
दिनेश कुमार पुत्र मोहन सिंह, उम्र 54 वर्ष, ग्राम पोपाट, शिमला (हिमाचल प्रदेश) — बस चालक
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।




