दीपेंद्र कोश्यारी को मिला बड़ा दायित्व, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नियुक्त
दीपेंद्र कोश्यारी को मिला बड़ा दायित्व, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नियुक्त
देहरादून/लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में अपना जन्मदिन मना कर राजनीतिक हलकों में चर्चा में आए युवा नेता दीपेंद्र कोश्यारी को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन ने उन्हें भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों के तहत विपुल मैंदोली (ऋषिकेश) को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, जबकि दीपेंद्र कोश्यारी (नैनीताल) और मुलायम सिंह रावत (टिहरी) को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।
भाजपा संगठन का मानना है कि नई टीम राज्य के युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
लालकुआं क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले दीपेंद्र कोश्यारी की इस नियुक्ति को स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। हाल के दिनों में वे क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर युवाओं के बीच लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी में यह बदलाव आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

