हवालात में बंद शराबी वाहन चालक की मौत, जांच के आदेश
देहरादून,। थाना रायपुर क्षेत्र के लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर शराब के नशे में हंगामा करने वाले व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे सूचना मिली कि महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे नहीं दे रहा और कर्मचारियों से बदसलूकी कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नशे में होने के कारण काबू में नहीं आया। इसके बाद उसे वाहन सहित थाने लाया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी (45) निवासी तपोवन रोड, देहरादून बताया। एल्कोहल टेस्ट में उसके शरीर में 231.6 mg/100ml अल्कोहल पाई गई। पुलिस ने उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
थाने में भी आरोपी ने हंगामा जारी रखा। काफी समझाने के बावजूद जब वह शांत नहीं हुआ, तो उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ समय बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे बेहोश पाया। आनन-फानन में उसे कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी गई। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की न्यायिक/मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थानाध्यक्ष रायपुर सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया है।




