उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(देहरादून) अब इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्पों पर ‘HILANS आउटलेट्स कैफे’, मिलेंगे स्थानीय उत्पादन ।।

ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा नया बाजार, UGVS और इंडियन ऑयल के बीच राज्यस्तरीय सहयोग
देहरादून।
उत्तराखंड ग्राम्य विकास समिति (UGVS) ने ग्रामीण उद्यमों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के साथ नॉन-फ्यूल रिटेल (NFR) क्षेत्र में राज्यस्तरीय सहयोग के लिए आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता सचिवालय में सचिव ग्राम्य विकास की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
UGVS की ओर से अपर सचिव ग्राम्य विकास एवं परियोजना निदेशक (UGVS-REAP) सुश्री झरना कमठान और IOCL की ओर से डिविजनल रिटेल सेल्स हेड श्री कृष्ण कुमार गुप्ता ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख श्री हेमंत राठौर भी उपस्थित रहे।
इस साझेदारी के तहत IFAD वित्तपोषित ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (REAP) से जुड़े सामुदायिक आधारित संगठनों (CBOs) और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को IOCL के रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर के इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्पों पर ‘HILANS आउटलेट्स/कैफे’ स्थापित किए जाएंगे, जहां स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि आधारित एवं अन्य ग्रामीण उत्पादों की बिक्री होगी।
इसी क्रम में जमीनी क्रियान्वयन की शुरुआत करते हुए पहला समझौता ज्ञापन बांदल घाटी क्लस्टर लेवल फेडरेशन, रायपुर (देहरादून) के साथ किया गया।
यह पहल ग्रामीण उत्पादों को स्थायी बाजार, उद्यमियों को आय के नए अवसर और पेट्रोल पम्पों पर उपभोक्ताओं को स्थानीय उत्पादों की सुविधा प्रदान करेगी। साथ ही यह राज्य सरकार की समावेशी और बाजार आधारित ग्रामीण विकास की सोच को मजबूती देगी।

Ad Ad
To Top