पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी इज्जतनगर मंडल पर की समीक्षा बैठक
बरेली, -: रेलवे बोर्ड के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने तथा मंडल में कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति के उददे्श्य हेतु आज पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह सहित मंडल के समस्त शाखाधिकारियों तथा हित निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षकों के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभाकक्ष में अलग-अलग समीक्षा बैठक की।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कार्मिक विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों एवं नीतिगत विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे सभी मंडलों में कर्मचारियों के प्रमोशन को तय समय सीमा में पूर्ण करने के मामले में प्रथम स्थान पर है। संरक्षा कोटि के सभी प्रमोशन को रेलवे बोर्ड के दिशा निर्देशानुसार तय समय सीमा के अन्दर पूर्ण किए जा रहे है। उन्होंने कर्मचारी हितों, पदोन्नति, एमएसीपी, रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा अनुशासनात्मक मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि “कर्मचारी संतुष्टि ही संगठन की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने का आधार है।” उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में सभी सेलेक्शन को जून माह के अन्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गये है। उन्होंने नई योजनाओं के क्रियान्वयन से पूर्व डेटा विश्लेषण को प्राथमिकता देने, कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संवाद व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सकारात्मक एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास कर रहा है।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने अधिकारियों, कार्यरत हित निरीक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके कार्यों का समीक्षा की तथा नियमों से संबंधित शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मण्डल की कर्मचारी यूनियनों/एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से भेंट कर कर्मचारियों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।
इसके पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि इज्जतनगर मंडल में कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न उन्नयन कार्यों के तह्त सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों के सापेक्ष उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करने की पहल अत्यंत प्रशंसनीय है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहती है।
बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी को इज्जतनगर मण्डल में कार्मिक विभाग की उपलब्धियों एवं प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 745 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 281 कर्मचारियों को एम.ए.सी.पी. का लाभ दिया गया तथा माह नवम्बर 2025 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के विरुद्ध 31 पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह द्वारा किया गया।
इसके पश्चात् पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अशोक कुमार के साथ यांत्रिक कारखाना कार्यालय में बैठक की। जिसमें कर्मचारियों के निमित्त महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कारखाना निरीक्षण के दौरान यांत्रिक शाॅपों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा कर्मचारियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया। उन्होंने यंत्रालय परिसर में वूक्षारोपण भी किया।




