उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(लालकुआं) उत्तरायणी मेले में दूसरे दिन भी संस्कृति की धूम,सेंचुरी के सीईओ ने किया शुभारंभ ।।

Uttarakhand city news Lal Kuan
ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले के दूसरे दिन धर्म, संस्कृति और लोककला की अनुपम छटा देखने को मिली। मेले का शुभारंभ सेंचुरी पेपर मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय गुप्ता एवं मिल के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर सीईओ अजय गुप्ता ने उत्तरायणी मेले को कुमाऊं की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरायणी मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि लोक कलाकारों, पारंपरिक नृत्य, संगीत और पहाड़ी संस्कृति को सहेजने का माध्यम है। सेंचुरी पेपर मिल क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोक कलाकारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी कला ही हमारी संस्कृति की असली पहचान है।
मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। प्रसिद्ध लोक कलाकार अमित गोस्वामी, महिपाल मेहता एवं किरण चोपड़ा की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। वहीं स्थानीय महिलाओं द्वारा प्रस्तुत झोड़ा (जुड़े) नृत्य ने पहाड़ी लोकसंस्कृति की जीवंत झलक पेश की और खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में मेला समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों, लोक कलाकारों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, नारायण सिंह बिष्ट, नंदन सिंह राणा, गोविंद सिंह राणा, धन सिंह बिष्ट, दीपू नयाल, सुरेश बिष्ट, हेमंत पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad Ad
To Top