उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(उत्तराखंड) केविल चोरी का बड़ा खुलासा,दो गिरफ्तार भारी मात्रा में तार बरामद ।।

काशीपुर/रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इस दौरान दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
एसटीएफ की कुमाऊं टीम को सूचना मिली थी कि जनपद उधमसिंहनगर के काशीपुर और कुंडा क्षेत्र में दीनदयाल योजना के तहत बिछाई गई विद्युत केबल को काटकर चोरी किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर के धर्मपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गोदाम से करीब 45 कुंतल विद्युत तार, केबल काटने के उपकरण और चोरी में प्रयुक्त दो वाहन (पिकअप और स्कॉर्पियो) बरामद किए गए। मौके से आफताब अली और जीशान नामक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले दो महीनों से काशीपुर, कुंडा, जसपुर और महुआखेड़ा क्षेत्रों में रात के समय सक्रिय था। आरोपी पहले स्कॉर्पियो से इलाके की रेकी करते थे और फिर विद्युत केबल काटकर पिकअप वाहन से गोदाम तक ले जाते थे। बाद में केबल को छीलकर उसमें से कॉपर और एल्युमिनियम निकालकर मुरादाबाद और बरेली में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि बरामद तार की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार अभियुक्त आफताब अली पहले भी चोरी, डकैती और लूट के मामलों में जेल जा चुका है।
यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई, जिसे दीपम सेठ के निर्देश पर चलाया जा रहा है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने इस पूरे गैंग का पर्दाफाश किया।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है।

To Top