उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(उत्तराखंड) विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते लेखाकार गिरफ्तार।।

लमगड़ा ब्लॉक में लेखाकार 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
अल्मोड़ा, 8 अप्रैल।
जनपद अल्मोड़ा के विकास खंड लमगड़ा स्थित ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी लेखाकार द्वारा एक शिकायतकर्ता से उसके स्वीकृत 3 लाख रुपये के शौचालय निर्माण कार्य के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान को दी, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
सतर्कता टीम ने मंगलवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा परिसर में ही शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान हर सिंह बिष्ट पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, निवासी मोहल्ला बांसमीड़ा, नंदा देवी मंदिर के निकट, चीनाखान (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

To Top