रुड़की में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खैर लकड़ी से भरी डीसीएम पकड़ी
हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम वाहन को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के उप वन संरक्षक और रुड़की के उप प्रभागीय वन अधिकारी के निर्देश पर रविवार तड़के काली नदी बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध डीसीएम (UK08CB3164) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से गागालेडी की ओर भगा ले गया।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से गागालेडी से आगे डीसीएम को पकड़ लिया। चालक वाहन छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में अवैध खैर लकड़ी बरामद हुई, जिसे कब्जे में लेकर क्रेन की मदद से रुड़की रेंज के वन परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है।
वन विभाग द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, साथ ही फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।




