गदरपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हथियार तस्कर गिरफ्तार — सात तमंचे बरामद
देहरादून, 14 अक्टूबर (संवाददाता): उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गदरपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 05 तमंचे 315 बोर और 02 तमंचे 12 बोर बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आजाद अली पुत्र अख्तर अली (32 वर्ष), निवासी ग्राम कनकता, थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर है। आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश से हथियारों की सप्लाई कर रहा था और इससे पहले भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है।
पकड़े गए तस्कर से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। एसटीएफ अब उसके नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहराई से जांच कर रही है।
बरामदगी:
05 तमंचे 315 बोर, 02 तमंचे 12 बोर और एक बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल।
संयुक्त टीम में शामिल:
निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, के.जी. मठपाल सहित एसटीएफ और गदरपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। राज्य में ऐसे तस्करों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




