डीजीआरई–डीआरडीओ ने जारी किया हिमस्खलन चेतावनी बुलेटिन, कई राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में खतरा
चंडीगढ़।
भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट (DGRE), चंडीगढ़ द्वारा 24 जनवरी 2026 शाम 5 बजे से 25 जनवरी 2026 शाम 5 बजे तक के लिए हिमस्खलन चेतावनी बुलेटिन (AWB) जारी किया गया है।
बुलेटिन के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में मध्यम से उच्च स्तर का हिमस्खलन खतरा जताया गया है। चेतावनी विशेष रूप से 2500 से 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए प्रभावी रहेगी।
जम्मू-कश्मीर के पूंछ, राजौरी, रियासी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर, अनंतनाग, कुलगाम, बारामुला और कुपवाड़ा जिलों में डेंजर लेवल-3 (ऑरेंज) दर्ज किया गया है।
लद्दाख के कारगिल और लेह क्षेत्रों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है।
हिमाचल प्रदेश में चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर सहित कई जिलों में 2500 मीटर से ऊपर हिमस्खलन का खतरा बताया गया है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चेतावनी जारी की गई है।
डीजीआरई के अनुसार, कुछ स्थानों पर बर्फ की परत अस्थिर है, जिससे प्राकृतिक रूप से हिमस्खलन होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों को बर्फ से लदे ढलानों पर आवाजाही से बचने, आवश्यक होने पर सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने तथा सभी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
संस्था ने स्पष्ट किया है कि यह चेतावनी मैदानी स्टेशनों से प्राप्त हिम एवं मौसम संबंधी आंकड़ों तथा मौसम पूर्वानुमान मॉडल के विश्लेषण के आधार पर जारी की गई है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम और बर्फ की स्थिति तेजी से बदल सकती है, इसलिए हर स्तर पर सावधानी बरतना आवश्यक है।




