उत्तराखण्ड

(कला संस्कृति को बड़ी क्षति) सड़क हादसे में गई लोक गायिका की जान ।।

सड़क हादसे में थारू समाज की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा का निधन, कला जगत में शोक
ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सड़क हादसे में थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा का असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से उनके परिजनों के साथ-साथ पूरे थारू समाज और लोक कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार रिंकू राणा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौगजा की निवासी थीं। होली का पर्व मनाने के लिए वह अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान नानकमत्ता के बिचपुरी क्षेत्र में उनकी स्कूटी को ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी।
हादसे में रिंकू राणा और उनकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उप जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि रिंकू राणा की ससुराल खटीमा में थी। वह थारू जनजाति के लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में लोक गायिकी की प्रस्तुति देती थीं और अपनी मधुर आवाज से लोगों का दिल जीत लेती थीं। उनके परिवार में एक बेटा भी है।
रिंकू राणा के अचानक निधन से उनके परिवार, परिचितों और थारू समाज के लोक कलाकारों में गहरा शोक व्याप्त है। लोक संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान और उनकी सुरीली आवाज को हमेशा याद किया जाएगा।

Ad
To Top