हल्द्वानी, 28 मार्च 2026।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल की टीम ने वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में दर्ज मुकदमा संख्या 03/2026, धारा 07 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत आरोपी नवीन नौटियाल (पुत्र गोविन्द प्रसाद), जो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात है, को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गड़ान-ढुलान कार्य के लिए वर्ष 2026 में पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में यह रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) जागेश्वर आशुतोष जोशी का नाम भी सामने आया है, जिन्हें सह-अभियुक्त बनाया गया है। उनके खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




